कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। एसएसपी Pramendra Singh Dobal ने बताया कि रैली के दौरान जिन मार्गों से जुलूस गुजरेगा, वहां यातायात अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा।

रैली परेड ग्राउंड से शुरू होगी। इसके ओरियंट चौक पहुंचने पर ओरियंट चौक से कनक चौक की ओर जाने वाले वाहनों को ग्लोब चौक के रास्ते भेजा जाएगा। लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से आने-जाने वाला ट्रैफिक भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित होगा।

जब रैली कनक चौक पहुंचेगी, तब पेसिफिक तिराहा से कनक चौक की ओर जाने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट होते हुए रोजगार तिराहा की दिशा में मोड़ा जाएगा। वहीं कनक चौक से ओरियंट चौक और ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले ट्रैफिक को पेसिफिक तिराहा के जरिए निकाला जाएगा।

घंटाघर से ओरियंट चौक की ओर जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। रैली के ग्लोब चौक पहुंचने पर बहल चौक की ओर जाने वाले ट्रैफिक को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की तरफ भेजा जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं चलने दिया जाएगा। बहल चौक पार करने के बाद राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को रोक-रोक कर निकाला जाएगा।

इसके अलावा एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस ट्रैफिक को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर मोड़ा जाएगा। रैली के दिलाराम चौक पार करने के दौरान कालीदास तिराहा से दिलाराम जाने वाले वाहनों को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version