महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की प्रमुख ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल घुटने की गंभीर चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। हालांकि इस झटके के बीच उत्तराखंड के लिए गर्व की खबर भी सामने आई है। श्रेयंका की जगह 24 वर्षीय उत्तराखंडी क्रिकेटर प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
श्रेयंका पाटिल को यह चोट नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी। मैच के छठे ओवर में गेंदबाजी करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह मैदान पर गिर पड़ीं। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें स्ट्रेचर की सहायता से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। मेडिकल जांच के बाद स्पष्ट हो गया कि वह पूरे टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगी।
बीसीसीआई और टीम प्रबंधन ने उनकी जगह युवा स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में शामिल करने का फैसला किया है। प्रेमा भले ही अभी तक भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं कर सकी हों, लेकिन घरेलू क्रिकेट और वुमन प्रीमियर लीग में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है।
उत्तराखंड की रहने वाली प्रेमा रावत लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में खेले गए वुमन प्रीमियर लीग 2026 में उन्होंने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया था। पूरे टूर्नामेंट में उनकी इकॉनमी रेट 6 से कम रही, जबकि औसत लगभग 8 का रहा। उन्होंने महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी।
प्रेमा इस समय इंडिया-ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर मौजूद हैं। यही कारण है कि उन्हें तुरंत भारतीय टीम से जोड़ना आसान रहा। अब उनके सामने सीधे विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खुद को साबित करने की चुनौती होगी।
वहीं भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। टीम इंडिया ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है। ऑस्ट्रेलिया के भी दो जीत हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर भारत पहले स्थान पर बना हुआ है।
भारत का अगला मुकाबला 21 जून को दक्षिण अफ्रीका से होगा। इसके बाद टीम 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इन मुकाबलों में प्रेमा रावत को मौका मिलता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
बिना कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेले सीधे विश्व कप टीम में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। ऐसे में उत्तराखंड की प्रेमा रावत के लिए यह न केवल करियर का सबसे बड़ा अवसर है, बल्कि राज्य के क्रिकेट इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि प्रेमा इस मौके को यादगार प्रदर्शन में बदलकर भारतीय टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगी।


