उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मंगलवार देर शाम काशीपुर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों का जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई शहर के बड़े गुरुद्वारे के समीप स्थित पार्किंग क्षेत्र में की गई, जहां एक कार में हथियार और फर्जी दस्तावेज होने की सूचना मिली थी।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि काली मंदिर क्षेत्र के पास खड़ी एक कार में अवैध हथियारों के साथ कई संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान कार से कुछ हथियार और कई संदिग्ध लाइसेंस बरामद किए गए। बरामदगी की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर एसटीएफ ने पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेकर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
दो माह से चल रही है विशेष जांच
सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ पिछले करीब दो महीनों से बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की गहन जांच कर रही है। हाल ही में काशीपुर क्षेत्र में 10 फर्जी शस्त्र लाइसेंसों का खुलासा हुआ था, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उसी जांच के क्रम में यह नई कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हथियारों और दस्तावेजों की हो रही जांच
एसटीएफ अधिकारियों ने बरामद हथियारों और दस्तावेजों को कब्जे में लेकर उनकी वैधता की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुछ लाइसेंसों पर संदेह जताया जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने अभी बरामद हथियारों की संख्या और प्रकार का खुलासा नहीं किया है।
देर रात तक चली कार्रवाई
मंगलवार रात करीब 11 बजे तक एसटीएफ की टीम मौके पर जांच और पूछताछ में जुटी रही। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक एन.पी. सिंह और अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने किया। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी और यदि किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


