Wednesday, December 31

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईआरडीटी सभागार में आयोजित तीलू रौतेली पुरस्कार समारोह में प्रदेशभर की 13 महिलाओं को खेल, साहित्य, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर 33 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी राज्यस्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया।

सीएम बोले – मातृ शक्ति बदल रही राज्य की तस्वीर

सीएम धामी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड का कोई भी जिला आपदा से अछूता नहीं रहा, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत कार्यों में जुटी है। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनौतियों के बावजूद आने वाले समय में उत्तराखंड देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा और इसमें महिलाओं की भूमिका सबसे अहम रहेगी।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण, समान नागरिक संहिता और विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं राज्य क्रांति की नई वाहक बन रही हैं।

तीलू रौतेली से प्रेरणा

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 1661 में वीरांगना तीलू रौतेली ने जिस साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह आज भी प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने तीलू पुरस्कार की राशि को 11 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़ाया गया है।

सम्मानित महिलाएं (2024-25)

  • मीता उपाध्याय (बागेश्वर) – सामाजिक क्षेत्र

  • अलीशा मनराल (चमोली) – खेल

  • सुरभि (चम्पावत) – साहित्य

  • अनामिका बिष्ट (चम्पावत) – खेल

  • शिवानी गुप्ता (देहरादून) – खेल, समाजसेवा

  • रूमा देवी (हरिद्वार) – खेल

  • नैना (नैनीताल) – खेल

  • रोशमा देवी (पौड़ी गढ़वाल) – सामाजिक क्षेत्र

  • रेखा भट्ट (पिथौरागढ़) – सामाजिक क्षेत्र

  • हेमा नेगी करासी (रुद्रप्रयाग) – लोक गायन

  • साक्षी चौहान (टिहरी गढ़वाल) – खेल

  • रेखा (ऊधमसिंह नगर) – खेल

  • विजयलक्ष्मी जोशी (उत्तरकाशी) – सामाजिक क्षेत्र

सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता (2024-25)

प्रदेशभर से 33 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी पुरस्कार दिया गया, जिनमें अल्मोड़ा की सुनीता देवी, बागेश्वर की मुन्नी रावत, चमोली की शोभा देवी, देहरादून की पिंकी भट्ट, हरिद्वार की वंदना सैनी, नैनीताल की कंचन तिवारी, पौड़ी की उषा बिष्ट, पिथौरागढ़ की हेमा जैन, रुद्रप्रयाग की जानकी भंडारी, टिहरी की ज्योति सजवाण, ऊधमसिंह नगर की ममता राणा और उत्तरकाशी की सुनीता भट्ट समेत कई नाम शामिल हैं।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने बिहार में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस पर शर्मिंदा होना चाहिए और महिलाओं को ऐसे कार्यकर्ताओं से जवाब मांगना चाहिए।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version