उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चारधाम यात्रा पर बड़ा असर डाला है। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने कई मार्गों को बंद कर दिया है और यात्रियों से धैर्य बनाए रखने व सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
केदारनाथ यात्रा: रेड अलर्ट के चलते बृहस्पतिवार से यात्रा रोक दी गई थी। शुक्रवार को भी यह बंद रहेगी।
बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब: पीपलकोटी के पास हाईवे का 30 मीटर हिस्सा बह जाने से दोनों यात्राएं ठप हैं। लगभग 2,000 यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
गंगोत्री यात्रा: धराली में आई आपदा के चलते पहले से ही बाधित है।
यमुनोत्री यात्रा: भू-धंसाव के कारण बड़े वाहनों पर रोक, छोटे वाहनों को ही आगे भेजा जा रहा है।
फूलों की घाटी: रेड अलर्ट के कारण लगातार दूसरे दिन बंद, करीब 300 पर्यटक घंघरियां में रुके हुए हैं।
लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


