केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा जारी स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में उत्तराखंड के 107 निकायों में से 27 निकायों की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। खास बात यह रही कि ऋषिकेश के गंगा घाटों को देश में सबसे स्वच्छ घोषित किया गया है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
तीन आबादी वर्गों में सुधार की बयार
स्वच्छता रैंकिंग में नगर निगमों के साथ-साथ छोटे निकायों – नगर पालिका और नगर पंचायतों – ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। कई निकायों की रैंकिंग में 2800 तक की छलांग देखी गई है।
-
50 हजार से 3 लाख आबादी वर्ग में रुद्रपुर (+349), डोईवाला (+1219), पिथौरागढ़ (+2434), ऋषिकेश (+55), कोटद्वार (+73) और रामनगर (+1913) ने शानदार प्रदर्शन किया।
-
20,000 से 50,000 आबादी वर्ग में मसूरी (+1172), मुनि की रेती (+627), टिहरी (+1770), टनकपुर (+2869) और नैनीताल (+776) जैसे शहरों ने बड़ा सुधार दिखाया।
-
20,000 से कम आबादी वर्ग में भीमताल, भवाली, विकासनगर, बड़कोट, लालकुआं और नरेंद्रनगर जैसे कस्बों की रैंकिंग में भी 1000-2800 अंक तक का सुधार हुआ है।
लालकुआं को राष्ट्रपति पुरस्कार, देहरादून पिछड़ा
इस बार लालकुआं को ‘उभरते स्वच्छ शहर’ के रूप में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है। वहीं, रुद्रपुर और मसूरी ने भी बड़ी छलांग लगाई है।
इसके उलट, राज्य की राजधानी देहरादून की रैंकिंग में मामूली सुधार (नेशनल रैंक: 68 से 62) दर्ज हुआ, लेकिन राज्य रैंक में यह 13वें पायदान पर फिसल गया। मुनि-की-रेती की राज्य रैंक भी 17वें स्थान पर आ गई।
कचरा प्रबंधन में मिला झटका
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में उत्तराखंड का प्रदर्शन गिरा है। पिछले वर्ष यह 69.76% था, जबकि इस बार यह गिरकर 56.6% रह गया। ‘कचरा मुक्त शहर’ श्रेणी में इस बार केवल लालकुआं, रुद्रपुर, डोईवाला और विकासनगर को एक स्टार मिला है। देहरादून का प्रदर्शन इस बार शून्य रहा।
गंगा टाउन श्रेणी में भी मिला स्थान
गंगा किनारे बसे शहरों की श्रेणी में उत्तराखंड के 11 निकायों को रैंकिंग में जगह मिली है। इसमें मुनिकीरेती (17वां), हरिद्वार (18वां), गौचर, श्रीनगर, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नंद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, कीर्तिनगर और जोशीमठ शामिल हैं।
कैंट बोर्डों की रैंकिंग भी आई सामने
उत्तराखंड के 9 कैंटोनमेंट बोर्ड में लैंसडौन को देशभर में 17वां स्थान मिला। वहीं, रानीखेत (18वां), रुड़की (22वां), देहरादून गढ़ी कैंट (29वां) जैसे बोर्डों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड के टॉप 5 स्वच्छ शहर (2024 रैंकिंग के अनुसार):
| निकाय | राज्य रैंक | राष्ट्रीय रैंक (2024) | 2023 रैंक |
|---|---|---|---|
| लालकुआं | 01 | 54 | 1751 |
| रुद्रपुर | 02 | 68 | 417 |
| मसूरी | 03 | 169 | 1341 |
| डोईवाला | 04 | 299 | 1518 |
| पिथौरागढ़ | 05 | 177 | 2611 |


