नई दिल्ली में मंगलवार को आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड की तीन विशिष्ट हस्तियों को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया। सामाजिक कार्य के क्षेत्र में राधा भट्ट को यह सम्मान प्रदान किया गया, जबकि साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्रसिद्ध यात्रा वृतांत लेखक ह्यूग गैंट्ज़र और उनकी दिवंगत पत्नी कोलीन गैंट्ज़र को पद्मश्री (मरणोपरांत) से नवाज़ा गया।

समाजसेवा में समर्पित राधा भट्ट

राधा भट्ट उत्तराखंड की एक प्रतिष्ठित समाज सेविका हैं, जिन्होंने मात्र 16 वर्ष की आयु में सरला बेन के आश्रम से सामाजिक कार्य की शुरुआत की। वह वर्षों से राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के कल्याण हेतु सक्रिय रही हैं। उन्होंने ‘बेरीनाग ग्राम स्वराज्य मंडल’ की स्थापना की, जिसके माध्यम से उन्होंने सामाजिक और आर्थिक विकास कार्यक्रम संचालित किए। राधा भट्ट चिपको आंदोलन की भी सक्रिय भागीदार रहीं। उन्हें पूर्व में जमनालाल बजाज पुरस्कार, इंदिरा प्रियदर्शनी पर्यावरण पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।

यात्रा वृतांत लेखन में अग्रणी गैंट्ज़र दंपति

ह्यूग गैंट्ज़र और स्व. कोलीन गैंट्ज़र उत्तराखंड के प्रसिद्ध यात्रा लेखक हैं, जिनकी लेखनी ने भारत की विविधता और सौंदर्य को विश्व पटल पर प्रस्तुत किया। ह्यूग भारतीय नौसेना में कमांडर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हुए। दोनों ने मिलकर यात्रा लेखन की एक अनूठी शैली विकसित की और 3,000 से अधिक लेख, कॉलम, और फीचर प्रकाशित किए। उन्होंने 30 से अधिक पुस्तकों की रचना भी की है। उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version