उत्तराखंड की उन महिलाओं को सम्मानित करने का समय आ गया है, जिन्होंने अपने साहस, प्रतिभा और समाज के प्रति समर्पण से अलग पहचान बनाई है। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए प्रदेश के सभी 13 जिलों से एक-एक महिला का चयन किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 8 अगस्त को हरिद्वार बाईपास स्थित संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित समारोह में इन महिलाओं को सम्मानित करेंगे।

इसी कार्यक्रम में प्रदेश की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2006 से तीलू रौतेली जयंती पर यह सम्मान दिया जा रहा है। इस वर्ष पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से 217 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 13 महिलाओं का चयन किया गया।

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा सम्मान

  • उत्तरकाशी: श्वेता बधानी – सामाजिक क्षेत्र
  • अल्मोड़ा: पुष्पा फर्त्याल – संस्कृति एवं कला
  • बागेश्वर: दया दानू – समाज सेवा
  • चमोली: नंदा सती – संगीत
  • चंपावत: रितिका बगोली – पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा
  • देहरादून: नीतू रानी – शिक्षा एवं बहादुरी
  • हरिद्वार: वैशाली शर्मा – समाज सेवा
  • नैनीताल: लतिका – खेल
  • पौड़ी गढ़वाल: प्रियंका थपलियाल – खेल, समाज सेवा एवं महिला सशक्तीकरण
  • पिथौरागढ़: कलावती देवी – सामाजिक कार्य
  • रुद्रप्रयाग: दुर्गा देवी – समाज सेवा
  • टिहरी गढ़वाल: सरिता कोठियाल – सामाजिक क्षेत्र
  • ऊधम सिंह नगर: पुष्पा देवी – दिव्यांग खेल

वहीं, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए इस बार 220 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। यह सम्मान महिला सशक्तीकरण और समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं के कार्यों को पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जाता है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version