बुधवार देर रात देहरादून के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 149 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने पर 67 वाहनों को सीज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक शहर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहरभर में बड़ी संख्या में पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अलग-अलग स्थानों से 70 लोगों को हिरासत में लिया गया।

यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। 143 वाहन चालकों से करीब 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 157 वाहनों के चालान काटे गए। इसके अतिरिक्त बिना सत्यापन के किरायेदार रखने और प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए लगभग 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अभियान के तहत पुलिस ने शहर के विभिन्न पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान एसएसपी ने हॉस्टल में रह रहे छात्र-छात्राओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पढ़ाई के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस का यह अभियान कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version