अगस्त्यमुनि ब्लॉक की बच्छणस्यूं पट्टी के मर्गांव (पणधारा) की उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभा सभ्या नेगी (24) ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर उत्तराखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनके इस चयन से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है।

गांव लौटने पर सभ्या का पारंपरिक अंदाज़ में जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ढोल-दामाऊं की थाप और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन कर गर्व जताया। सभ्या, दरबान सिंह नेगी की पुत्री हैं और उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है।

एक ऑलराउंडर खिलाड़ी के रूप में सभ्या पहले भी उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। खासतौर पर फाइनल मुकाबले में उनके तीन महत्वपूर्ण विकेट टीम की जीत का बड़ा कारण बने थे।

ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट सहित क्षेत्रवासियों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सभ्या ने न केवल गांव बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version