घर में छोटे बेटे की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था। परिवार ने सहारनपुर निवासी युवती के परिवार से रिश्ता तय करने की तैयारी शुरू कर दी थी और करीब दो माह बाद शादी की योजना बनाई जा रही थी। लेकिन परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शुक्रवार देर रात घर लौट रहे 31 वर्षीय अमन की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को ही अमन का फोटो सहारनपुर निवासी एक युवती के परिवार को भेजा गया था। दोनों परिवारों को रिश्ता पसंद आया और शादी के लिए सहमति बन गई थी। घर में अमन की शादी को लेकर उत्साह था। किसी को अंदाजा नहीं था कि उसी रात परिवार को ऐसी दर्दनाक खबर सुननी पड़ेगी।
पांच साल से कैंटीन चला रहा था अमन
परिवार के सदस्य दीपक ने बताया कि अमन परिवार में सबसे छोटा था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी। करीब पांच वर्ष पहले उसने क्षेत्र में शराब के ठेके की कैंटीन का संचालन शुरू किया था। अमन के बड़े भाई और बहन की शादी पहले ही हो चुकी थी। इसलिए अब परिवार में उसकी शादी की तैयारियों को लेकर विशेष उत्साह था।
परिजनों का कहना है कि अमन की शादी की बात आगे बढ़ने के बाद घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन देर रात हुई वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
कैंटीन बंद कर बाइक से घर लौट रहा था अमन
जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी अमन शुक्रवार देर रात अपनी कैंटीन बंद करके बाइक से घर लौट रहा था। उसके साथ उसका साथी प्रशांत भी बाइक पर मौजूद था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की गोली से अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसके साथी प्रशांत के पैर में भी गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
जान बचाने के लिए पैदल भागा, लेकिन बदमाशों ने घेर लिया
फायरिंग के बाद अमन ने हिम्मत नहीं छोड़ी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह अपनी जान बचाने के लिए पैदल घर की ओर दौड़ पड़ा। बताया जा रहा है कि एक स्कूल के बराबर वाली गली के पास बदमाशों ने उसे फिर घेर लिया।
तब तक अमन को चार गोलियां लग चुकी थीं। इसके बावजूद बदमाशों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि हमलावर उसके पास पहुंचे और सिर में गोली मार दी। सिर में गोली लगने के बाद अमन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में पसरा सन्नाटा
वारदात की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शनिवार को आंबेडकर मार्ग और आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। अमन की मौत की खबर सुनकर रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, सदमे का आलम यह रहा कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। जिस घर में कुछ घंटे पहले शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत हो रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से कर रही जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग को एक संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस वारदात के पीछे की पूरी वजह, हमलावरों की पहचान और हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारण और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।
परिवार ने खोया सबसे छोटा बेटा
अमन की मौत से परिवार को दोहरा सदमा लगा है। एक तरफ जिस बेटे की शादी को लेकर परिवार सपने संजो रहा था, वहीं दूसरी तरफ अचानक उसकी अर्थी उठ गई। परिजन घटना के बाद इतने सदमे में हैं कि वारदात के बारे में ज्यादा बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं।
पूरे इलाके में इस बात की चर्चा है कि आखिर अमन की हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और बदमाशों ने इतनी बेरहमी से उसकी जान क्यों ली। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

