उत्तराखंड में पर्यटन सुविधाओं के विकास पर सरकार विशेष ध्यान केंद्रित करने जा रही है। पर्वतमाला योजना के अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में 46 रोपवे परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार शाम को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सभागार में पर्यटन से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में रोपवे निर्माण की संभावना नहीं है, वहां फर्नाकूलर रेल की संभावना तलाशने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री महाराज ने जानकारी दी कि टिहरी विशेष पर्यटन क्षेत्र प्राधिकरण की ओर से टिहरी झील में एक फ्लोटिंग हाउस बोट निर्माण के लिए संस्था का चयन कर लिया गया है। उसे बोट निर्माण की अनुमति भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के मद्देनजर विश्व प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा केंद्र औली का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा संचालित 43 पर्यटक आवास गृहों के शौचालयों में लाटा-लाटी को संकेत के तौर पर स्थापित किया जाए। इसके अलावा होम स्टे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और विभाग में होम स्टे के पंजीकरण में आने वाली समस्या को दूर कर नियमों का सरलीकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version